ए.के.एस. विश्वविद्यालय के छात्रों की बड़ी कामयाबी: रिलायंस पावर में 6 लाख पैकेज पर चयन, माइनिंग छात्रों का बढ़ा आत्मविश्वास
1 min read
सतना। ए.के.एस. विश्वविद्यालय, सतना के माइनिंग इंजीनियरिंग विभाग के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा है। देश की प्रतिष्ठित ऊर्जा कंपनी रिलायंस पावर लिमिटेड (सासन कोल माइंस), सिंगरौली में चयन पाकर इन छात्रों ने न केवल अपना, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
बी.टेक माइनिंग इंजीनियरिंग (बैच 2026) के जिन चार विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि को हासिल किया है, उनमें शुभम कुमार, अनुराग सिंह, निखिल बेहेरा और धीरज कुमार शामिल हैं। इन सभी का चयन ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी (GET) पद पर हुआ है, जहां उन्हें 6 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिलेगा। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनकर सामने आई है।
रिलायंस पावर लिमिटेड देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनियों में से एक है, जो आधुनिक तकनीकों के माध्यम से बड़े स्तर पर बिजली उत्पादन करती है। सिंगरौली स्थित सासन प्रोजेक्ट अपनी उन्नत कार्यप्रणाली और उच्च क्षमता के लिए जाना जाता है, जहां चयनित छात्रों को सीखने और आगे बढ़ने के उत्कृष्ट अवसर प्राप्त होंगे। विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर अनंत कुमार सोनी एवं कुलपति प्रो. बी.ए. चोपड़े ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत और विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है। इस अवसर पर प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी बालेंद्र विश्वकर्मा ,प्रफुल्ल गौतम एवं मनोज सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Subscribe to my channel