May 18, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

एसीबी की बड़ी कार्रवाई: नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल प्रकाश जायसवाल 8,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े

1 min read
Spread the love

संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा।    उदघोष समय न्यूज़, 20 मार्च 2026।


जांजगीर-चांपा।  एसीबी बिलासपुर ने जांजगीर-चांपा जिले में बड़ी ट्रैप कार्यवाही को अंजाम दिया है। नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल प्रकाश जायसवाल को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। यह सफल ऑपरेशन 20 मार्च 2026 को एसीबी इकाई बिलासपुर द्वारा किया गया।


एसीबी / आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे व्यापक ट्रैप अभियान के तहत यह कार्रवाई अंजाम दी गई। डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज की थी।


शिकायतकर्ता अब्दुल वहाब के फर्म द्वारा वित्त वर्ष 2024-25 में नवागढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में अधोसंरचना संबंधित कार्य और मरम्मत का काम किया गया था। कार्य की बिल राशि लगभग 2,03,000 रुपये का चेक जारी कराने के एवज में लेखापाल प्रकाश जायसवाल ने कुल 16,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने पहले ही 6,000 रुपये दे दिए थे और शेष 10,000 रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता रिश्वत देने से इनकार करते हुए आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहते थे।


शिकायत की सत्यापन के बाद आरोप सही पाया गया। मोलभाव के दौरान आरोपी ने 10,000 रुपये की जगह 8,000 रुपये लेने पर सहमति जताई। इसके आधार पर एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।


20 मार्च 2026 को शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि देने के लिए भेजा गया। आरोपी लेखापाल ने रिश्वत राशि 8,000 रुपये हाथ में लेकर अपनी कार में रखी, तभी आसपास तैनात एसीबी टीम ने ग्राम सेमरा के पास शाह क्रशर के निकट उसे पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी राशि आरोपी से बरामद कर ली गई।


एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।


एसीबी द्वारा भ्रष्टाचारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो ने किसी भी विभाग के लोकसेवक द्वारा रिश्वत मांगने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है, ताकि ऐसे मामलों में रंगे हाथ पकड़े जा सकें।


यह कार्यवाही भ्रष्टाचार मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp