August 23, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

तुर्रापारा मोहल्ले में नालियां जाम, सड़कों पर बह रही गंदगी; सफाई व्यवस्था बदहाल !

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़ – नगर पंचायत धरमजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 4 तुर्रापारा के सारथी मोहल्ले सहित आसपास के कई मोहल्लों में नालियों की सफाई व्यवस्था बदहाल होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह नालियां और नाले लंबे समय से जाम पड़े हैं, जिसके कारण गंदा पानी और बदबूदार गंदगी सड़कों पर बह रही है। इससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।


स्थानीय लोगों के अनुसार नालियों में कचरा और गंदगी जमा होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। गंदा पानी सड़क पर फैलने से पूरे इलाके में दुर्गंध का वातावरण बना हुआ है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब नालियों का गंदा पानी सड़क पर फैलने से आवागमन प्रभावित होता है।


वार्ड की पार्षद डॉ. अख्तरी खुर्शीद खान सहित वार्डवासियों द्वारा नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार नालियों की सफाई कराने की मांग की जा चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे वार्डवासियों में नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।


सबसे गंभीर चिंता स्वास्थ्य को लेकर है। लंबे समय से जमा गंदगी, गंदे पानी और बदबू के कारण मच्छरों तथा अन्य कीटों के पनपने की आशंका बनी हुई है। इससे संक्रमण और विभिन्न बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर नियमित सफाई कराकर नालियों की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए।


वार्डवासियों ने नगर पंचायत धरमजयगढ़ से तत्काल जाम नालियों और नालों की सफाई कराने, सड़क पर बह रहे गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने की मांग की है।


स्थानीय लोगों के मुताबिक नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी नगर पंचायत की है। ऐसे में बार-बार शिकायत के बावजूद नालियों की सफाई नहीं होने से सफाई व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आ रही है। अब वार्डवासियों को नगर पंचायत प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई और समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp