धरमजयगढ़ – जमरगी डी हायर सेकेंडरी स्कूल में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ गांव का भ्रमण किया। इसके पश्चात शहीद वीर लक्ष्मीनारायण राठिया की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया गया तथा विद्यालय परिसर में गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्राम पंचायत जमरगी डी की सरपंच लालो बाई राठिया द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार प्रदान किए गए। बेहतर अंकों के साथ उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के आधार पर क्रमशः ₹15,000, ₹10,000 तथा साइकिल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सरपंच पुत्र अजय नारायण राठिया ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और बेहतर प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य उनका मनोबल बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि हमारी कार्यकाल में अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर यह संदेश देने का प्रयास है कि मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण का हमेशा सम्मान होना चाहिए। इससे अन्य विद्यार्थियों में भी पढ़ाई के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को दिए गए इस प्रोत्साहन की ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने सराहना की। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति के साथ-साथ शिक्षा के प्रति उत्साह और आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।