भारतमाला सड़क निर्माण बना किसानों की परेशानी? दो वर्षों से जलभराव और रास्ता बंद होने की शिकायत, कार्रवाई का इंतजार
1 min read

धरमजयगढ़ – भारतमाला सड़क निर्माण कार्य से प्रभावित एक किसान ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। बायसी कॉलोनी निवासी लक्ष्मी मजूमदार ने कलेक्टर रायगढ़ को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि भारतमाला सड़क निर्माण के दौरान उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने से उनके खेत में पिछले दो वर्षों से बरसात के समय पानी भर जाता है, जिससे खेत तालाब का रूप ले लेता है और खेती पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

आवेदन के अनुसार, किसान का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान खेत के एक हिस्से में मलबा और राखड़ डाल दिए जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। इतना ही नहीं, खेत और मकान तक पहुंचने का मार्ग भी बाधित हो गया है, जिससे आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है।
आवेदक ने यह भी बताया है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारीयों को लिखित शिकायतें दीं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि न तो संबंधित विभाग और न ही निर्माण एजेंसी द्वारा समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।

कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में किसान ने मांग की है कि भारतमाला सड़क निर्माण से जुड़े अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देशित कर तत्काल जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, खेत में डाला गया मलबा हटाया जाए तथा खेत और मकान तक पहुंचने का मार्ग बहाल किया जाए, ताकि आगामी कृषि कार्य सुचारु रूप से किया जा सके।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए प्रभावित किसान को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।
Subscribe to my channel