अंतरराष्ट्रीय जर्नल में निजी शिक्षण संस्थानों की चुनौतियों पर एकेएस विश्वविद्यालय फैकल्टी का शोध प्रकाशित।
1 min read
सतना। ए.के.एस. विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रदीप चौरसिया एवं उनकी शोधार्थी सरला मिश्रा का शोध पत्र प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका इंटरनेशनल जर्नल फॉर मल्टीडायमेंशनल रिसर्च पर्सपेक्टिव्स (आईजेएमआरपी) में प्रकाशित हुआ है।

प्रकाशित शोध पत्र का विषय “निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रदर्शन प्रबंधन प्रणाली की चुनौतियों का मूल्यांकन : जबलपुर से प्राप्त साक्ष्य” है। शोध में मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित विभिन्न निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू प्रदर्शन प्रबंधन प्रणाली से जुड़ी चुनौतियों, प्रबंधन संबंधी बाधाओं तथा संस्थागत कार्यप्रणाली पर उनके प्रभाव का विस्तृत अध्ययन किया गया है। यह शोध कार्य सरला मिश्रा द्वारा पीएचडी उपाधि की पूर्ति के लिए अपने शोध निर्देशक डॉ. प्रदीप चौरसिया के मार्गदर्शन में संपन्न किया गया। शोध में उच्च शिक्षा संस्थानों के मानव संसाधन प्रबंधन, प्रदर्शन मूल्यांकन तंत्र तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण पहलुओं का विश्लेषण किया गया है। शोध के निष्कर्ष उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रशासकों, शिक्षाविदों और नीति निर्माताओं के लिए उपयोगी मार्गदर्शक सिद्ध हो सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शोध पत्र का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित होना संस्थान में विकसित हो रही शोध संस्कृति, अकादमिक गुणवत्ता तथा नवाचार आधारित शिक्षा का प्रमाण है। यह सफलता विश्वविद्यालय के अन्य शोधार्थियों और शिक्षकों को भी गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए प्रेरित करेगी।
Subscribe to my channel