ग्राम पंचायत सचिवों को 2 माह से नहीं मिला वेतन ? आर्थिक परेशानी गहराई !
1 min read
धरमजयगढ़ – ग्राम पंचायत सचिवों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने की बात सामने आ रही है। इस कारण कई सचिवों के सामने आर्थिक संकट गहराने की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। पंचायत व्यवस्था की रीढ़ कहे जाने वाले ये कर्मचारी इन दिनों खुद ही परेशानियों से जूझते नजर आ रहे हैं। घर का खर्च चलाना, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना लगातार कठिन होता जा रहा है।
नाम गोपनीय रखे जाने कि शर्त पर कुछ सम्बंधित लोगों ने अपनी समस्याएं बताई कि , समय पर वेतन नहीं मिलने से उन्हें उधार लेकर परिवार चलाना पड़ रहा है, जिससे मानसिक दबाव भी बढ़ रहा है। इस स्थिति को लेकर चिंताएं लगातार सामने आ रही हैं।
माना जा रहा है कि कि वेतन में देरी के पीछे विभिन्न कारण हो सकते हैं। बजट आवंटन में देरी, तकनीकी या पोर्टल से जुड़ी समस्याएं , कागजी औपचारिकताओं में कमी या प्रशासनिक स्वीकृति लंबित रहने की भी संभावना जताई जा रही है। वहीँ सम्भवतः फंड की कमी को भी एक संभावित कारण माना जा रहा है। इस सम्बन्ध में आधिकारिक पुष्टि के लिये सम्बंधित अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया , परन्तु प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त होने के कारण समाचार लिखें जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका है !
पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों की अहम जिम्मेदारी निभाने वाले सचिवों की इस स्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इसका असर पंचायत व्यवस्था और विकास कार्यों पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल संबंधित विभाग से समाधान की उम्मीद जताई जा रही है, ताकि प्रभावित कर्मचारियों को जल्द राहत मिल सके।
Subscribe to my channel