भारतमाला परियोजना के सर्वे को लेकर धरमजयगढ़ में बढ़ी हलचल, प्रभावित ग्रामीणों ने उठाए भूमि एवं प्रक्रिया संबंधी प्रश्न
1 min read

धरमजयगढ़ – भारतमाला परियोजना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-130A के उरगा–पत्थलगांव खंड में प्रस्तावित पुनः संरेखण को लेकर धर्मजयगढ़ क्षेत्र में एक बार फिर गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रशासन द्वारा प्रभावित ग्रामों में भौतिक सर्वे एवं सत्यापन कार्य शुरू किए जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएँ व्यक्त की हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बायसी कॉलोनी, बायसी, मेडरमार एवं आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक अमला स्थल निरीक्षण और सर्वे कार्य कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य अधिसूचना जारी होने के बाद नियमानुसार किया जा रहा है तथा परियोजना की आगामी प्रक्रिया के लिए आवश्यक है।
हालांकि कई प्रभावित ग्रामीणों का कहना है कि भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और पूर्व सर्वे से जुड़े विषयों पर अभी भी अनेक प्रश्न शेष हैं। उनका मत है कि प्रभावित परिवारों की आपत्तियों और सुझावों का समुचित परीक्षण करते हुए ही आगे की कार्यवाही की जानी चाहिए, ताकि किसी भी पक्ष में असंतोष की स्थिति उत्पन्न न हो।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि परियोजना से संबंधित प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बरती जाए, प्रभावित पक्षों को पर्याप्त जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा सभी दावों और आपत्तियों का निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
भू-अधिग्रहण और विकास परियोजनाओं के बीच संतुलन बनाए रखने की चुनौती के बीच यह मामला क्षेत्र में विकास, जनसहमति और अधिकारों के समन्वय की आवश्यकता को रेखांकित कर रहा है।
Subscribe to my channel