नगर में पेयजल व महिला प्रसाधन सुविधा की मांग — पार्षद जानू सिदार की पहल पर प्रशासन सक्रिय
1 min read

धरमजयगढ़ – नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में वार्ड पार्षद जानू सिदार लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। उनकी पहल पर नगर में पेयजल व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन ने भी तत्परता दिखाई है।
बीते सोमवार को पार्षद जानू सिदार ने नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी बी.एल. साहू से मुलाकात कर आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल संकट से निपटने के लिए बोर पंप मशीन की खरीदी कर उसे स्टॉक में रखने की मांग रखी थी। इस मांग पर सीएमओ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अगले ही दिन एक नया बोर पंप मशीन उपलब्ध करा दिया। त्वरित कार्रवाई के लिए पार्षद ने सीएमओ का आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान पार्षद सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सीएमओ को आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष समय अग्रवाल सहित अन्य साथी भी मौजूद रहे। समय अग्रवाल ने कहा कि युवा मोर्चा की टीम नगर के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
इसी क्रम में पार्षद जानू सिदार ने नगर में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर एक मांग पत्र भी सौंपा। उन्होंने विशेष रूप से बेरियर चौक में महिला प्रसाधन कक्ष की व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई। साथ ही नगर के प्रमुख स्थानों—बस स्टैंड, स्टेट बैंक के पास, बेरियर चौक, पीपरमार चौक तथा अम्बेटिकरा गेट के समीप नए वाटर कूलर स्थापित करने की मांग की है।
पार्षद ने यह भी कहा कि नगर में पूर्व में लगाए गए वाटर कूलरों की नियमित साफ-सफाई और आवश्यक मरम्मत कर उन्हें सुचारु स्थिति में रखा जाना चाहिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि रायगढ़ रोड स्थित बेरियर चौक के आसपास महिला एवं बाल विकास विभाग, बीआरसी भवन, उर्सुलाइन गर्ल्स स्कूल सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान संचालित हैं, जहां प्रशिक्षण, अध्ययन और विभिन्न गतिविधियों के लिए बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कर्मचारी तथा छात्राएं प्रतिदिन पहुंचती हैं। ऐसी स्थिति में वहां महिला एवं पुरुष प्रसाधन सुविधा और शुद्ध पेयजल व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।
इस संबंध में सीएमओ बी.एल. साहू ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का प्राथमिक उद्देश्य नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
Subscribe to my channel