चेक बाउंस मामले में पूर्व एल्डरमेन दीपक श्रीवास्तव उर्फ सोमू गिरफ्तार, भेजे गए जेल
1 min read
संभाग सरगुजा।ब्यूरो दुर्गा गुप्ता
झगराखांड थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां चेक बाउंस के एक पुराने मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार की शाम को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह मामला वर्ष 2022 से लंबित था, जिसकी शिकायत मुकेश अग्रवाल नामक व्यक्ति ने दर्ज कराई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दीपक श्रीवास्तव उर्फ सोमू, जो कि झगराखांड क्षेत्र के पूर्व एल्डरमेन रह चुके हैं, पर आरोप है कि उन्होंने मुकेश अग्रवाल को एक चेक दिया था, जो बैंक में प्रस्तुत किए जाने पर बाउंस हो गया था। इसके बाद मुकेश अग्रवाल ने झगराखांड थाना में मामला दर्ज कराया था।
काफी समय से यह मामला न्यायिक प्रक्रिया में चल रहा था। आखिरकार, झगराखांड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक श्रीवास्तव को शुक्रवार की शाम तकरीबन 6 बजे गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, चेक बाउंस जैसे मामलों में गिरफ्तारी की कार्रवाई न्यायालय के आदेशानुसार की जाती है और इसमें दोषी पाए जाने पर सजा भी हो सकती है। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल गिरफ्तारी की और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
इस घटना से क्षेत्र में हलचल है, क्योंकि आरोपी क्षेत्र के पूर्व जनप्रतिनिधि रहे हैं और उनकी सामाजिक पहचान भी रही है। फिलहाल पुलिस और न्यायालय की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Subscribe to my channel