AI डीपफेक से अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को परेशान करने वाला आरोपी गिरफ्तार!
1 min read
जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया पर युवती की फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने, अश्लील संदेश भेजने, शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने तथा AI और डीपफेक तकनीक से अश्लील फोटो-वीडियो तैयार कर वायरल करने की धमकी देने के मामले में नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाना नवागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक उसकी फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बना रहा था। आरोपी कथित रूप से अश्लील संदेश भेजकर पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। इसके अलावा, परिजनों को फोन कर धमकाना, बाजार और घर के आसपास पीछा करना तथा गाली-गलौज करने जैसी हरकतें भी की जा रही थीं।
पीड़िता को AI एवं डीपफेक तकनीक का उपयोग कर अश्लील फोटो-वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने और फॉलोअर्स बढ़ाकर बदनाम करने की धमकी दी जा रही थी। आरोपी ने पीड़िता के कार्यस्थल का पता निकालकर वहां पहुंचने की धमकी भी दी थी।
पीड़िता की शिकायत पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 376/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2), 78(2), 79 तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D), 67 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे धारा 35(3) BNSS के तहत नोटिस जारी किया गया था, लेकिन आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 28 नवंबर 2026 को घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामायण प्रसाद कश्यप उर्फ रामा, पिता लेखराम कश्यप, उम्र 25 वर्ष, निवासी सेमरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं थाना नवागढ़ स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
Subscribe to my channel