सतना में खाकी पर गंभीर आरोप! अधिवक्ता को जातिसूचक गालियां देने, मारपीट और गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप
1 min read
Oplus_131072

उचेहरा थाना प्रभारी सतीश कुमार मिश्रा पर अधिवक्ता बलराम चौधरी ने लगाए गंभीर आरोप, एसपी से आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विभागीय कार्रवाई की मांगसतना। जिले के उचेहरा थाना प्रभारी एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गए हैं। थाना प्रभारी सतीश कुमार मिश्रा के विरुद्ध जिला न्यायालय सतना में विधि व्यवसाय कर रहे अधिवक्ता बलराम चौधरी ने जातिसूचक अपमान, गाली-गलौज, मारपीट, गला दबाकर जान से मारने के प्रयास और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर अधिवक्ता ने 28 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक सतना के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर थाना प्रभारी के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने, विभागीय जांच कराने और पद से हटाने की मांग की है।13 वर्षीय बालक की जानकारी लेने पहुंचे थे अधिवक्ताशिकायत में अधिवक्ता बलराम चौधरी ने बताया कि 27 नवंबर को जिला न्यायालय सतना से काम समाप्त कर घर पहुंचने के बाद मोहल्ले के कुछ लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि एक 13 वर्षीय बालक को पिछले दो दिनों से उचेहरा थाने में बैठाकर रखा गया है। बालक की उम्र और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वह मानवीय एवं सामाजिक दृष्टिकोण से जानकारी लेने उचेहरा थाना पहुंचे थे। उनका दावा है कि वह थाने के अंदर नहीं गए, बल्कि बाहर वाहन पार्किंग के पास खड़े होकर बालक के परिजनों के आने का इंतजार कर रहे थे।’तुझ जैसे चमार को अधिवक्ता नहीं मानता’ – जातिसूचक टिप्पणी का आरोपअधिवक्ता के अनुसार, शाम करीब 7 बजे थाना प्रभारी सतीश कुमार मिश्रा उनके पास पहुंचे और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए पूछा कि वह वहां क्यों खड़े हैं। परिचय देने पर थाना प्रभारी द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें अधिवक्ता मानने से भी इनकार करते हुए अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।कॉलर पकड़कर भगाने और गला दबाने का आरोपशिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर थाना प्रभारी ने उनका कॉलर पकड़कर वहां से भगाने का प्रयास किया। जब अधिवक्ता ने अपनी गलती पूछी तो कथित तौर पर उनके साथ थप्पड़ मारकर मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। अधिवक्ता ने अपने बाएं हाथ की अंगुली एवं गले में चोट होने तथा गर्दन घुमाने में परेशानी और लगातार दर्द रहने की बात कही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी दी गई।112 पुलिस को किया फोन, सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायतपीड़ित अधिवक्ता ने घटना के दौरान डायल 112 पर फोन करने की बात कही है। उनके अनुसार, शिकायत का संदर्भ क्रमांक POL 27112606183 है। वहीं, 28 नवंबर को सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई, जिसका शिकायत क्रमांक 41791380 बताया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के बाद मौके पर लोगों में आक्रोश फैल गया और नारेबाजी भी हुई।अब सवाल: कानून के रखवाले पर आरोप, निष्पक्ष जांच कौन करेगा?यह मामला केवल एक अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली, नागरिकों के सम्मान और कानून के शासन से भी जुड़ा हुआ है। यदि एक अधिवक्ता के साथ थाना परिसर के बाहर इस तरह का व्यवहार हुआ है, तो आम नागरिकों के साथ पुलिस का व्यवहार कैसा होगा? यह गंभीर सवाल खड़ा करता है।अब पुलिस अधीक्षक सतना के सामने सबसे बड़ी चुनौती शिकायत की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना है। क्या घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज होंगे? क्या थाने एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कराई जाएगी? क्या डायल 112 की कॉल और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच होगी? क्या शिकायतकर्ता का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर चोटों की पुष्टि की जाएगी?अधिवक्ता की मांग है कि थाना प्रभारी के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कराकर आरोप प्रमाणित होने पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए तथा विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटाया जाए।फिलहाल, इस पूरे मामले में थाना प्रभारी सतीश कुमार मिश्रा का पक्ष सामने आना शेष है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।नोट: समाचार शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए लिखित आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस पक्ष प्राप्त होना शेष है।
Subscribe to my channel