ग्रामोदय विश्वविद्यालय में युवा संसद संवाद प्रतियोगिता आयोजित 87 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
1 min read

चित्रकूट- महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय की यूथ रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा विद्यार्थियों के बीच युवा संसद संवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता प्रो. देवेंद्र प्रसाद पाण्डेय ने अध्यक्षता की।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संविधान से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि प्रो. नंदलाल मिश्रा ने कहा कि संवाद आपसी समझ, सहयोग, सद्भाव और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. सीताशरण गौतम एवं डॉ. रविकांत श्रीवास्तव उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में कुल 87 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संयोजन विश्वविद्यालय यूथ रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार अरसिया तथा संचालन समन्वयक डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ग्रामोदय विश्वविद्यालय में प्रार्थना सभा आयोजित
प्रार्थना, भजन और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से गूंजा सभागार
चित्रकूट- महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय द्वारा विवेकानंद सभागार में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। संगीत इकाई के संयोजन में आयोजित सभा का शुभारंभ ॐ उच्चारण, सरस्वती वंदना एवं विश्वविद्यालय कुलगीत से हुआ।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवद्गीता के श्लोकों एवं उनके भावार्थ की प्रस्तुति के साथ गुरु नानक देव के जीवन प्रसंगों से प्रेरक संदेश साझा किए। एकल गायन, प्रेरणा गीत एवं समूह गायन के माध्यम से विद्यार्थियों ने आध्यात्मिकता, सद्भाव और सकारात्मक जीवन मूल्यों की अभिव्यक्ति की। पर्यावरण विषय पर प्रकृति के प्रति मानव के दायित्वों और उसके संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित किया गया। मासिक प्रतिवेदन प्रस्तुति के साथ सामूहिक भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ ने सभा को भावपूर्ण स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में अकादमी की उप कुलसचिव प्रो. साधना चौरसिया ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए प्रार्थना सभा जैसी गतिविधियों को अनुशासन, संस्कार, सामूहिकता और व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम का संचालन दिव्याश्री सिंह ने किया। इसमें सोम्या, उन्नति, सृष्टि, उज्ज्वल, हर्ष, निष्ठा, मनु, भैया एवं सृष्टि केशरवानी सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

Subscribe to my channel