अपराध नियंत्रण को लेकर SP विजय कुमार पाण्डेय सख्त, राजपत्रित अधिकारियों की ली अपराध समीक्षा बैठक!
1 min read
जांजगीर-चांपा। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने 17 नवंबर 2026 को पुलिस कार्यालय जांजगीर के सभाकक्ष में जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में अपराधों के निराकरण, थाना-चौकी क्षेत्रों की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।

बीट प्रणाली मजबूत करने और बदमाशों पर निगरानी के निर्देश:
पुलिस अधीक्षक ने सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने अधीनस्थ थाना एवं चौकी प्रभारियों के माध्यम से बीट प्रणाली को प्रभावी ढंग से संचालित कराने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा।
फरार आरोपियों और वारंटियों की होगी धरपकड़:
बैठक में फरार आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा लंबित गिरफ्तारी वारंट एवं स्थायी वारंटों की तामीली के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि फरार अपराधियों और वारंटियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता दी जाए।
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर:
पुलिस अधीक्षक ने जिले में समय-समय पर प्रभावी नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने और क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश:
एसपी श्री विजय कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों एवं फरियादियों के साथ शालीनतापूर्ण व्यवहार किया जाए। उनकी शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित और उचित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित:
अपराध समीक्षा बैठक में DSP मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, DSP अजाक सतरूपा तारम, CSP कोतवाली योगिताबाली खापर्डे, SDOP शिवरीनारायण तोमेश वर्मा, SDOP चांपा लौकेश बंसल, SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह, स्टेनो राजीव श्रीवास्तव, रीडर-1 अश्वनी राठौर एवं स्थापना प्रभारी कृष्णा साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel