वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को धार देने मैदान में उतरी कांग्रेस, सिसरिंगा में कल सजेगी जन चौपाल !
1 min read

मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा को लेकर गांवों तक पहुंचेगा कांग्रेस का अभियान, जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल और ब्लॉक अध्यक्ष रितुराज सिंह ठाकुर की मौजूदगी में होगा संवाद

धरमजयगढ़ – देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था और मताधिकार की रक्षा को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को अब मंडल स्तर पर गति देने की तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में शुक्रवार, 13 नवंबर को धरमजयगढ़ क्षेत्र के सिसरिंगा मंडल में जन चौपाल-संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ग्राम सिसरिंगा में दोपहर 2 बजे होने वाले इस आयोजन को कांग्रेस की जमीनी सक्रियता और संगठनात्मक लामबंदी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची की शुद्धता, मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आम नागरिकों की भागीदारी जैसे मुद्दों को जनचर्चा का विषय बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मंडल स्तर पर आयोजित जन चौपाल के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा अभियान के उद्देश्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी राजीव अग्रवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रितुराज सिंह ठाकुर सहित अन्य अतिथिगण शामिल होंगे। आयोजन को लेकर मंडल कांग्रेस कमेटी ने जनप्रतिनिधियों, सेक्टर अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों, बीएलए, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, महिला कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया है।
Subscribe to my channel