Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

बच्चों की आवाज पहुंची ग्राम सभा तक: कोहका में शिक्षा की पांच प्रमुख बाधाओं को दूर करने पर बनी सहमति!

1 min read
Spread the love

जांजगीर-चांपा/पामगढ़। कोहका गांव के बच्चों की शिक्षा में आ रही समस्याओं को अब ग्राम सभा में प्रमुखता से उठाया जा रहा है। इसी कड़ी में दलित अधिकार अभियान संगठन द्वारा संचालित ‘शिक्षा बाधा से बदलाव कार्यक्रम 2026’ के तहत ग्राम पंचायत कोहका में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा से जुड़ी पांच प्रमुख समस्याओं के निराकरण को लेकर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों और शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों के बीच सहमति बनी।

उल्लेखनीय है कि 23 अक्टूबर 2026 को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने बिंदी, चित्रकला एवं पेंटिंग के माध्यम से अपनी शिक्षा में आने वाली समस्याओं और बाधाओं को सामने रखा था। बच्चों द्वारा रचनात्मक तरीके से व्यक्त की गई इन समस्याओं को संगठन ने संकलित कर ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत किया।

विशेष ग्राम सभा में खेल मैदान, नवीन स्कूल भवन, सड़क, नाली एवं शौचालय जैसी पांच प्रमुख समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में बच्चों के पालक, शिक्षक, शाला प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्य एवं पंचायत पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी पक्षों ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने पर सर्वसम्मति से सहमति जताई।

बच्चों की भागीदारी से शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की पहल:

दलित अधिकार अभियान संगठन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों की आवाज को पंचायत और ग्राम सभा तक पहुंचाना तथा शिक्षा से जुड़ी बुनियादी समस्याओं के समाधान में समुदाय, विद्यालय और पंचायत की सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कोहका में आयोजित यह विशेष ग्राम सभा इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। अब देखना होगा कि ग्राम सभा में बनी सहमति के अनुरूप इन पांचों समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर कितनी शीघ्र कार्रवाई होती है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp