चक्रवात का खतरा! जांजगीर-चांपा में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी, कृषि विभाग ने किसानों को दी ये जरूरी सलाह!
1 min read
जांजगीर-चांपा, 27 अक्टूबर 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग के चक्रवात पूर्वानुमान के आधार पर जिले में 28 और 29 अक्टूबर को भारी वर्षा होने की संभावना है। इस स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग ने खरीफ फसलों को नुकसान से बचाने के लिए किसानों को महत्वपूर्ण परामर्श जारी किया है।
उप संचालक कृषि श्री राकेश शर्मा ने बताया कि धान, दलहन और तिलहन की फसलें पकने की अवस्था में हैं तो अगले दो से चार दिन तक कटाई स्थगित रखें। जो किसान कटाई कर चुके हैं, वे फसल को जल्द से जल्द ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें। खेतों में अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए नालियों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। फसलों में कीट-रोग की नियमित निगरानी करें। कोई लक्षण दिखने पर मौसम साफ होने के बाद ही विशेषज्ञों की सलाह से कीटनाशक या कवकनाशक का छिड़काव करें।
कृषि विभाग ने तिवड़ा और अलसी की बुवाई कुछ दिनों तक टालने की सलाह दी है। रबी फसलों की बुवाई मौसम और खेतों की नमी अनुकूल होने पर ही करें। फूलगोभी, ब्रोकली, कुंदरू, पपीता, खीरा और करेला जैसी फसलों की बुवाई भी मौसम अनुकूल होने पर ही करें। लता वाली सब्जियों को तेज हवा से बचाने के लिए सहारा दें तथा खेतों व बगीचों में जलभराव रोकने के लिए अतिरिक्त पानी की निकासी सुनिश्चित करें। ओलावृष्टि की आशंका होने पर सब्जी और बागवानी फसलों में ओलावृष्टि-रोधी जाली का उपयोग करें।
कृषि विभाग ने सभी किसानों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखें और उसी के अनुसार कृषि कार्य की योजना बनाएं। अधिक जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन के लिए अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या कृषि विज्ञान केन्द्र से संपर्क करें।
Subscribe to my channel