बोरई, खंडेवला, आलमशाह, बेलारा कलां और इकलहरा में ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक करने की पहल डीग, 17 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 में ग्रामीण मतदाताओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए जिले में गांव स्तर पर मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बोरई में कृषक गोष्ठी, पहाड़ी ब्लॉक की ग्राम पंचायत खंडेवला में किसान चौपाल तथा बृजनगर ब्लॉक के आलमशाह में मतदाता जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई। कुम्हेर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेलारा कलां में किसान चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। डीग क्षेत्र के इकलहरा में भी यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि किसान चौपाल और कृषक गोष्ठी जैसे माध्यमों से ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने और लोकतंत्र में मतदान की भूमिका का महत्व समझाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव स्तर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण मतदाताओं तक पहुंच बनाकर मतदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पंचायतीराज चुनाव में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।