सेवा सेतु ऐप से दूसरे ही दिन मिला निवास प्रमाण पत्र, कलेक्टर ने सौंपा दस्तावेज!
1 min read
जांजगीर-चांपा, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में शासकीय सेवाओं को सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में सेवा सेतु ऐप कारगर साबित हो रहा है। इसी कड़ी में चांपा निवासी संदीप यादव को ऑनलाइन आवेदन करने के दूसरे ही दिन निवास प्रमाण पत्र मिल गया। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने उन्हें निवास प्रमाण पत्र सौंपा।
ऑनलाइन आवेदन से आसान हुई प्रक्रिया:
संदीप यादव ने निवास प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए सेवा सेतु ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें अगले ही दिन प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया। इससे उन्हें आवश्यक कार्यों के लिए समय पर दस्तावेज मिल गया और कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से भी राहत मिली।
मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार :
सेवा सेतु ऐप के माध्यम से कम समय में प्रमाण पत्र मिलने पर संदीप यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह ऐप आम नागरिकों के लिए एक सराहनीय पहल है। ऑनलाइन आवेदन और त्वरित सेवा से शासकीय सुविधाओं तक पहुंच आसान हुई है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
डिजिटल सेवाओं से नागरिकों को राहत :
सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु ऐप के माध्यम से शासकीय सेवाओं को डिजिटल, सुलभ और समयबद्ध बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य नागरिकों को आवश्यक प्रमाण पत्र और अन्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना तथा अनावश्यक भागदौड़ से राहत दिलाना है।
Subscribe to my channel