ग्रामोदय विश्वविद्यालय में एविएशन विंग के विद्यार्थियों की फ्रेशर्स पार्टी का आयोजनविद्यार्थी अपने अध्ययन, कौशल विकास और करियर निर्माण पर ध्यान केंद्रित रखें : प्रो आलोक चौबे, कुलगुरु
1 min read

चित्रकूट- 12 अक्टूबर 2026 महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में एविएशन विंग के विद्यार्थियों द्वारा फ्रेशर्स पार्टी 2026 का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। नई शुरुआत, नई दोस्ती और प्रतिभाओं के उत्सव के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने नृत्य, मनोरंजक खेलों, रैंप वॉक तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एविएशन विंग की प्रमुख ने बताया कि फ्रेशर्स पार्टी का मुख्य उद्देश्य नवागत विद्यार्थियों को एक-दूसरे से परिचित होने, अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से जुड़ने का अवसर प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर नवागत विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकल एवं युगल प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। आयोजन के दौरान विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मिस्टर एवं मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने प्रदर्शन और रैंप वॉक के विभिन्न चरणों में अपनी प्रतिभा एवं आत्मविश्वास का परिचय दिया। प्रतियोगिता में बीबीए ड्रोन टेक्नोलॉजी के विद्यार्थी देवांश शर्मा को मिस्टर फ्रेशर 2026 तथा बीबीए एविएशन एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट की छात्रा वैभवी गुप्ता को मिस फ्रेशर 2026 चुना गया।
*कुलगुरु ने विद्यार्थियों को दिया मार्गदर्शक उद्वोधन*
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चित्रकूट की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक महत्त्व और सकारात्मक सांस्कृतिक मूल्यों का उल्लेख किया। उन्होंने एविएशन के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के अन्य विभागों के विद्यार्थियों के साथ बेहतर संवाद एवं सौहार्दपूर्ण संबंध विकसित करने की सलाह दी।
कुलगुरु ने कहा कि वर्तमान समय में एविएशन क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और इसमें युवाओं के लिए करियर की व्यापक संभावनाएं हैं। विद्यार्थियों को अपने अध्ययन, कौशल विकास और करियर निर्माण पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि अध्ययन अथवा अन्य किसी समस्या की स्थिति में वे अपने विभागाध्यक्ष, शिक्षकों, प्रशिक्षकों या उनसे सीधे मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
इस अवसर पर कुलगुरु ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा मिस्टर एवं मिस फ्रेशर को पुरस्कार प्रदान किए। केक कटिंग समारोह ने आयोजन की खुशियों को और बढ़ाया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए आकर्षक सेल्फी पॉइंट की व्यवस्था की गई, जहां उन्होंने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। इसके बाद ओपन डांस फ्लोर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Subscribe to my channel