October 4, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

घटिया निर्माण मंजूर नहीं: धरमजयगढ़ में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष संतोष प्रधान के तीखे तेवर, दी कड़ी चेतावनी !

1 min read
Spread the love


नगर पंचायत धरमजयगढ़ में नगर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए विकास का महा-पिटारा खुल चुका है। करोड़ों रुपए की निविदाएं जारी होने के बाद अब धरातल पर कई बड़े निर्माण कार्य शुरू होने जा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इन तमाम स्वीकृत और प्रस्तावित विकास कार्यों में नगर की बुनियादी और आधुनिक जरूरतों का पूरा ध्यान रखा गया है, जिनके तहत नगर में सुगम यातायात के लिए सी.सी. सड़क और बी.टी. टॉपिंग कार्य कराए जाएंगे तथा शहर के मुख्य गौरव पथ का निर्माण कार्य भी किया जाएगा।

गंदे पानी की निकासी के लिए मजबूत आर.सी.सी. नालियों का निर्माण होगा और विभिन्न वार्डों में नागरिकों को सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने के वास्ते पाइपलाइन विस्तार का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा, नगर को स्वच्छ रखने के लिए कचरा प्रबंधन केंद्र का आधुनिकीकरण किया जाएगा। आम जनता और बच्चों के मनोरंजन के लिए नेहरू उद्यान का उन्नयन किया जाएगा, साथ ही अंतिम संस्कार की बेहतर व्यवस्था हेतु आधुनिक मुक्तिधाम का निर्माण होगा। खेलकूद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दीप नगर में एक भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा और छोटे बच्चों की शुरुआती शिक्षा एवं पोषण के लिए विभिन्न वार्डों में अत्याधुनिक आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण भी इन विकास कार्यों में शामिल है।


​इन करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं के बीच कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस मंडल अध्यक्ष संतोष प्रधान ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो टूक चेतावनी दी है कि जनहित में होने वाले किसी भी कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी भी कार्य में घटिया निर्माण कराया गया, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी और इसके विरोध में सड़कों पर उतरकर पुरजोर विरोध प्रदर्शन करेगी। संतोष प्रधान ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए दो टूक कहा कि विकास कार्य के नाम पर इन महत्वपूर्ण योजनाओं को किसी भी कीमत पर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा। विकास के पिटारे को भ्रष्टाचार का पिटारा नहीं बनने दिया जायेगा ! उन्होंने जोर देकर कहा कि इन सभी विकास कार्यों की असली गुणवत्ता जनता तय करेगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष के इस बेबाक बयान के बाद नगर वासियों के बीच विकास कार्यों की जमीनी हक़ीक़त और गुणवत्ता चर्चा का केंद्र बन गये हैं !

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp