नरियरा नगर पंचायत में खुला भ्रष्टाचार का पोल! 15 दिन में ध्वस्त हुई सीसी रोड, विरोध पर इंजीनियर ने पार्षद को सुनाए जातिसूचक शब्द!
1 min read
जांजगीर-चांपा/अकलतरा/नरियरा, 19 सितंबर 2026। नगर पंचायत नरियरा में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। यहां 6 महीने पहले बनी सीसी रोड 15 दिन भी नहीं टिक पाई और जगह-जगह से उखड़ कर परखच्चे उड़ रहे हैं।
आरोप है कि ठेकेदार की मनमानी और इंजीनियर की मिलीभगत से गुणवत्ताहीन सीसी रोड का निर्माण किया गया है।
14 अगस्त को शिकायत, 13 अगस्त को ही मरम्मत पूर्णता का जवाब:
वार्ड पार्षदों द्वारा दिनांक 14/08/26 को गुणवत्ताहीन सड़क को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी से शिकायत की गई थी, लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि अधिकारी द्वारा दिनांक 13/08/26 को ही मरम्मत कार्य पूर्ण होने का जवाब अपने उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया।
पार्षदों का आरोप है कि मौके पर मरम्मत कार्य हुआ ही नहीं है, सिर्फ एक-दो जगहों पर खानापूर्ति के लिए पेचिंग कार्य किया गया था, वह भी अब उखड़ने लगा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी ऐसे भ्रष्ट ठेकेदारों को संरक्षण दे रहे हैं।
फावड़े से उखाड़ कर दिखाई सड़क की हकीकत:
दिनांक 18 सितंबर 2026 को नगर पंचायत नरियरा में ग्रामीणों एवं पार्षदों ने वार्ड में बनी सीसी रोड की दुर्दशा को फावड़े से खींच कर बताया। हाथ से ही सड़क उखड़ रही थी, जिससे घटिया निर्माण की पोल खुल गई।
इंजीनियर पर जातिसूचक शब्द बोलने का आरोप, अजाक थाने में शिकायत:
जब पार्षदों ने इंजीनियर से कहा कि काम घटिया हुआ है, तो इंजीनियर ने काम सही हुआ है कहते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए पार्षद को जवाब दिया।
इंजीनियर की इस बात को सुनकर पार्षद आक्रोशित हो गए और अजाक थाना जांजगीर में जाकर इंजीनियर के खिलाफ जातिसूचक शब्दों के प्रयोग को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पार्षदों ने मांग की है कि उक्त सड़क की गुणवत्ता की जांच कर दोषी ठेकेदार, इंजीनियर और संबंधित अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
Subscribe to my channel