सड़क पर कीचड़, नाली की गंदगी और स्कूल जाते बच्चों की मजबूरी!
1 min read
इंदिरा तिराहे से बस्ती रोड का बदहाल हाल, जहां सड़क है वहां भी जलभराव—नगर पालिका अध्यक्ष ने जल्द निर्माण का दिया भरोसा ।।

यशपाल जाट अनुपपुर
अनूपपुर। नगर पालिका अनूपपुर द्वारा करीब एक वर्ष पहले इंदिरा तिराहे से बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर कराए गए सड़क निर्माण के बावजूद मार्ग का एक हिस्सा आज भी लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बारिश के दिनों में हालात इतने खराब हो जाते हैं कि जहां सड़क नहीं बनी है, वहां पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है और सड़क का नामोनिशान तक दिखाई नहीं देता।
यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए भी प्रमुख रास्ता है। कीचड़ और फिसलन के बीच बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए भी यह मार्ग जोखिम भरा बना हुआ है।
सड़क के साथ नाली भी बनी परेशानी
समस्या सिर्फ अधूरी सड़क तक सीमित नहीं है। सड़क किनारे बनी नाली की नियमित सफाई नहीं होने के कारण उसमें जमा गंदगी और कचरा बारिश व बहाव के साथ सड़क पर फैल जाता है। इससे सड़क पर कीचड़ और गंदगी की स्थिति और गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नाली की नियमित सफाई और उचित निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तो सड़क पर फैलने वाली गंदगी और जलभराव की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। फिलहाल नाली की गंदगी के कारण लोगों का इस रास्ते से निकलना भी दूभर हो गया है।
अध्यक्ष ने माना—जमीन नहीं मिलने से छूटी सड़क
इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि जहां-जहां सड़क पर कीचड़ की स्थिति बनी है, वहां सड़क का हिस्सा इसलिए छूट गया था क्योंकि संबंधित लोग अपनी जमीन सड़क के लिए छोड़ने को तैयार नहीं थे। अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान करते हुए सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
अब आश्वासन से आगे काम की उम्मीद
स्थानीय लोगों के लिए फिलहाल सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि अध्यक्ष के आश्वासन के बाद सड़क निर्माण जल्द धरातल पर दिखाई दे। क्योंकि यह केवल आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों की रोजमर्रा की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है।
सवाल यह भी है कि सड़क निर्माण के साथ-साथ नाली की नियमित सफाई और जल निकासी की व्यवस्था कब दुरुस्त होगी? जब तक दोनों समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक बारिश में इस मार्ग की बदहाली दोबारा सामने आने की आशंका बनी रहेगी।





Subscribe to my channel