August 27, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

माढेंरा रूँध के बोटेनिकल गार्डन में जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजित: जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक ने एक जिला-एक वनस्पति के तहत रोपे अर्जुन के पौधे

1 min read
Spread the love

बोटेनिकल गार्डन को आकर्षक पर्यटन व पर्यावरण केंद्र के रूप में किया जाएगा विकसित: जिला कलक्टर मयंक मनीष डीग, 27 अगस्त। जिला प्रशासन एवं वन विभाग, डीग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को ग्राम माढेंरा रूँध स्थित बोटेनिकल गार्डन में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कलक्टर मयंक मनीष तथा जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ द्वारा बोटेनिकल गार्डन परिसर में पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर राज्य सरकार की पंच गौरव’ योजना के अंतर्गत एक जिला – एक वनस्पति के रूप में चयनित औषधीय गुणयुक्त अर्जुन के पौधों का विधिवत रोपण किया गया।मीडिया से बातचीत में जिला कलक्टर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और जैव विविधता के संरक्षण के लिए वन महोत्सव अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि माढेंरा रूँध स्थित बोटेनिकल गार्डन को एक उत्कृष्ट व विकसित पर्यावरण केंद्र तथा आकर्षक भ्रमण स्थल के रूप में संवारा जाएगा, ताकि आमजन व प्रकृति प्रेमी यहाँ आकर शुद्ध व प्राकृतिक वातावरण का लाभ ले सकें। इसके लिए आवश्यक आधारभूत संरचना, वॉक-वे एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर राज्य सरकार को प्रस्ताव भिजवाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय की मंशा के अनुरूप प्रदेश भर में संचालित महत्वाकांक्षी हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत डीग जिले में बड़े पैमाने पर सघन पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों, युवाओं तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण व संवर्धन की भी जिम्मेदारी लें तथा अपने घर, आंगन और खेतों की मेड़ों पर अधिक से अधिक संख्या में फलदार व छायादार पौधे लगाएं।कार्यक्रम में जिला वन अधिकारी सुरेश मिश्रा ने वन विभाग की योजनाओं और हरियालो राजस्थान अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए समस्त राजकीय विभागों एवं एजेंसियों से अपने आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप त्वरित गति से गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर जिला स्तरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने उत्साहपूर्वक अर्जुन व अन्य प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp