जांजगीर-चांपा/पामगढ़, 04 सितंबर 2026। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में चिकित्सकों की गंभीर कमी सामने आई है। कुल 9 स्वीकृत पदों में से 7 पद खाली पड़े हैं। नतीजतन पूरा अस्पताल महज एक-दो डॉक्टरों के सहारे चल रहा है।
यह केंद्र ब्लॉक का सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान है, जहां 50 बेड उपलब्ध हैं। रोजाना 200 से 250 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ओपीडी के अलावा पोस्टमार्टम, एमएलसी, अदालती मामले और प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी इन्हीं डॉक्टरों को निभानी पड़ती हैं। एक चिकित्सा अधिकारी लंबे अवकाश पर हैं, जिससे काम का बोझ और बढ़ गया है।
मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन डॉक्टरों की कमी से सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस गंभीर स्थिति को लेकर विधायक शेषराज हरवंश ने 2 सितंबर 2026 को कलेक्टर को पत्र लिखकर खाली पदों को जल्द भरने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उदघोष समय न्यूज़ की टीम मौके पर पहुंची तो अस्पताल में मरीजों की भीड़ साफ दिखी।
स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से अब तत्काल कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है, ताकि पामगढ़ सीएचसी में मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।