भारतमाला परियोजना से तबाह हुई खेती! फ्लाई ऐश से पट गया खेत
1 min read

धरमजयगढ़ – भारतमाला सड़क परियोजना से प्रभावित बायसी कॉलोनी के किसान लक्ष्मी मजूमदार की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले दो वर्षों से जलभराव और रास्ता अवरुद्ध होने की शिकायत कर रहे किसान का कहना है कि अब स्थिति और भी गंभीर हो गई है। उनके अनुसार, उनके खेत में फ्लाई ऐश पूरी तरह फैल चुकी है, जिससे कृषि भूमि बुरी तरह प्रभावित हो गई है और इस वर्ष भी खेत में खेती करना संभव नहीं हो पाया।

किसान का आरोप है कि भारतमाला सड़क निर्माण के दौरान उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने तथा राखड़ (फ्लाई ऐश) और मलबा फैलने के कारण उनकी खेती लगातार प्रभावित होती रही। पहले बरसात में खेत पानी से भरकर तालाब का रूप ले लेता था, लेकिन अब खेत फ्लाई ऐश की परत से ढक गया है। ऐसी स्थिति में इस वर्ष भी बुवाई नहीं हो सकी, जिससे उन्हें लगातार तीसरे साल कृषि नुकसान झेलना पड़ रहा है।
किसान का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायतें प्रस्तुत कीं, लेकिन अब तक न तो जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की गई और न ही खेत से फ्लाई ऐश एवं मलबा हटाया गया। परिणामस्वरूप उनकी कृषि भूमि की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
अब किसान एक बार फिर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), धरमजयगढ़ से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराने की तैयारी में हैं। उनका कहना है कि वे इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग करेंगे, ताकि खेत से फ्लाई ऐश हटाई जाए, उचित जल निकासी की व्यवस्था बनाई जाए और उनकी कृषि भूमि दोबारा खेती योग्य बन सके।
बरसात का मौसम शुरू हो चुका है और यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्या और विकराल हो सकती है। ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस लंबे समय से लंबित शिकायत पर क्या ठोस कदम उठाता है और प्रभावित किसान को कब राहत मिलती है।
Subscribe to my channel