महीनों से खराब पड़ा पेयजल बोर, आश्वासनों में गुजर गई पूरी गर्मी; एक हैंडपंप के सहारे ग्रामीण
1 min read

धरमजयगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत उदउदा के कारीगढ़ाई मोहल्ले में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित किया गया बोरवेल लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि विगत कई महीनों से बंद पड़ी इस पेयजल व्यवस्था की सुध लेने वाला कोई नहीं है, जिसके कारण बोरवेल अब केवल देखने की वस्तु बनकर रह गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बोर खराब होने के कारण पूरे मोहल्ले के लोगों को पानी के लिए एकमात्र कार्यशील हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में जब पानी की आवश्यकता सबसे अधिक रहती है, तब भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रोजाना पानी भरने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव से बोरवेल की मरम्मत कराने का निवेदन किया, लेकिन हर बार “आज करेंगे”, “कल ठीक हो जाएगा” जैसे आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। आरोप है कि पूरी गर्मी बीत गई, लेकिन खराब पड़े बोरवेल को चालू कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिणामस्वरूप जिस योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना था, उसका लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा की अनदेखी समझ से परे है। ग्रामीणों ने जनपद पंचायत और संबंधित विभाग के अधिकारियों से हस्तक्षेप कर बोरवेल की तत्काल मरम्मत कराने तथा जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की मांग की है, ताकि कारीगढ़ाई के लोगों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।
Subscribe to my channel