मिकुनी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में ए.के.एस. विश्वविद्यालय के 52 विद्यार्थियों का चयन
1 min read
सतना। मध्य भारत के अग्रणी एवं नैक मान्यता प्राप्त ए.के.एस. विश्वविद्यालय, सतना के लिए प्लेसमेंट के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। विश्वविद्यालय के डिप्लोमा (मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल) के 52 विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी मिकुनी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी (DET) पद पर हुआ है।

ए.के.एस. विश्वविद्यालय तकनीकी शिक्षा, शोध, नवाचार और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए जाना जाता है। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
मिकुनी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड जापान के प्रसिद्ध मिकुनी समूह की भारतीय इकाई है। कंपनी ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए विभिन्न प्रकार के इंजन और फ्यूल सिस्टम से जुड़े कंपोनेंट्स का निर्माण करती है तथा अपनी उन्नत तकनीक और गुणवत्ता के लिए जानी जाती है।
विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर अनंत कुमार सोनी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ए.के.एस. विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के कौशल विकास और उनके बेहतर भविष्य के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बेहतर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हों। यही कारण है कि विभिन्न राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियां विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दे रही हैं।

प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रमुख बालेंद्र विश्वकर्मा, प्रफुल्ल गौतम तथा मनोज सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और विश्वविद्यालय की सशक्त प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम है।
इस अवसर पर इलेक्ट्रिकल विभागाध्यक्ष डॉ. रमा शुक्ला एवं मैकेनिकल विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीहरि पांडे ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने कार्य के प्रति समर्पित रहें, लगातार नई तकनीकों को सीखते रहें और पूरी लगन व मेहनत के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। यही गुण उन्हें अपने करियर में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
Subscribe to my channel