लोकमाता अहिल्याबाई जयंती एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न
1 min read

चित्रकूट- 31 मई 2026। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. नंदलाल मिश्र ने की। मुख्य वक्ताओं में प्रो. नीलम चौरे, प्रो. रघुवंश प्रसाद बाजपेई, प्रो. अजय आर चौरे, प्रो. सी.पी. गूजर तथा डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे।

प्रो. नीलम चौरे ने लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन, व्यक्तित्व एवं उनके लोककल्याणकारी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रो. अजय चौरे ने उनके धार्मिक एवं सांस्कृतिक योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने देश के अनेक प्रमुख तीर्थस्थलों के संरक्षण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रो. सी.पी. गूजर ने किसानों, वंचित वर्गों और समाज के कमजोर तबकों के उत्थान हेतु उनके द्वारा किए गए कार्यों को रेखांकित किया।
प्रो. रघुवंश प्रसाद बाजपेई ने अपने उद्बोधन में मंदिरों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के क्षेत्र में लोकमाता के योगदान को स्मरण किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. नंदलाल मिश्र ने कहा कि जीवन की अनेक विषम परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद अहिल्याबाई होल्कर ने अद्भुत धैर्य, न्यायप्रियता और जनसेवा का परिचय दिया। उन्होंने काशी विश्वनाथ, केदारनाथ, सोमनाथ और विष्णुपद जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण एवं संरक्षण में ऐतिहासिक योगदान दिया, जिसे देश सदैव स्मरण करेगा। कार्यक्रम संचालन डॉ. आर.के. पाण्डेय ने किया तथा उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन एवं कार्यों की पृष्ठभूमि प्रस्तुत की। इस अवसर पर शिक्षक , अधिकारी, कर्मचारी,शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
ग्रामोदय विवि में हुआ मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण

चित्रकूट- 31 मई 2026। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” के 134वें संस्करण का सामूहिक श्रवण एवं अवलोकन किया गया। कार्यक्रम का प्रसारण ऑनलाइन लिंक के माध्यम से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने एक साथ देखा और सुना।
इस अवसर पर उपस्थित जनों ने प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र निर्माण, नवाचार, स्वच्छता, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज के प्रेरक व्यक्तित्वों से संबंधित साझा किए गए। विचारों एवं उदाहरणों को गंभीरता एवं रुचि के साथ सुना गया। प्रतिभागियों ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रेरक प्रसंग समाज में सकारात्मक परिवर्तन एवं राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने वाले हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रधानमंत्री द्वारा व्यक्त विचारों को प्रेरणादायी बताते हुए उन्हें अपने जीवन एवं कार्यक्षेत्र में आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मोहकमगढ़ में 1 जून को आयोजित होगा निःशुल्क बहु-चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर
चित्रकूट- 31 मई 2026। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, मध्य प्रदेश, भोपाल के अंतर्गत संचालित ग्रामोदय विश्वविद्यालय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा ग्राम मोहकमगढ़ में 1 जून 2026 को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 9 बजे से अपराह्न 12 बजे तक आयोजित होगा।
आयुर्वेद विभागाध्यक्ष एवं शिविर समन्वयक डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सेवा दिवस के रूप में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी तथा यूनानी पद्धति के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, विभिन्न रोगों की जांच तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
रेड क्रॉस सोसायटी एवं ग्रामोदय विश्वविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्र के अधिकाधिक ग्रामीणों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
Subscribe to my channel