जनपद पंचायत धरमजयगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत क्रिन्धा में अब विकास को लेकर ठोस पहल दिखाई देने लगी है। वर्षों से उपेक्षित रहे मोहल्लों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में कार्य शुरू हो चुका है, जिसकी शुरुआत बिचूमुड़ा से हो रही है। बिचूमुड़ा में लगभग 2 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। यह सड़क बनने से बस्ती तक आवागमन सुगम होगा और विशेषकर बारिश के मौसम में होने वाली दिक्कतों से लोगों को राहत मिलेगी। योजना के तहत इस सड़क को आगे चलकर मुख्य मार्ग से जोड़ने की तैयारी भी की जा रही है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इसके साथ ही, आवागमन को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुल निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि यह पहल केवल बिचूमुड़ा तक सीमित नहीं रहेगी। ग्राम पंचायत क्रिन्धा के हर गली-मोहल्ले को विकास से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के जरिए पूरे पंचायत क्षेत्र में समग्र विकास सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस तरह बिचूमुड़ा से शुरू हुआ यह बदलाव अब पूरे पंचायत क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर गढ़ने की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।