करंट ने छीनी जान: बिजली सुधार कार्य के दौरान ट्रांसफार्मर पर चढ़े युवक की मौके पर मौत !
1 min read

धरमजयगढ़ – थाना क्षेत्र के ग्राम पोटिया में मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा हो गया। बिजली सुधार कार्य के दौरान संजय केरकेट्टा नामक युवक ट्रांसफार्मर पर चढ़कर काम कर रहा था, तभी अचानक वह तेज करंट की चपेट में आ गया। झटका इतना घातक था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने इस हादसे को लापरवाही का नतीजा बताते हुए आरोप लगाया है कि कार्य के दौरान न तो पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे और न ही आवश्यक सावधानियों का पालन किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना सुरक्षा इंतजाम के इस तरह ट्रांसफार्मर पर चढ़ाकर काम कराना सीधे-सीधे जान जोखिम में डालने जैसा है। यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना एक बार फिर विद्युत कार्यों में बरती जा रही लापरवाही को उजागर करती है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसा दर्द न सहना पड़े।
Subscribe to my channel