कोयला तस्करों के हौसले बुलंद ? पुलिस कार्रवाई के बाद भी नेटवर्क पर सवालिया निशान !
1 min read

धरमजयगढ़ – क्षेत्र में कोयला तस्करी की घटनाओं ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती दी है। पुलिस और प्रशासन के लगातार प्रयासों के बाद भी अवैध कोयले का काला कारोबार जारी है, जो पुलिस प्रशासन के लिये किसी चुनौती से कम नहीं है ! धरमजयगढ़ थाना प्रभारी सीता राम ध्रुव से मिली जानकारी के अनुसार हालिया कार्रवाई में पुलिस द्वारा एक आरोपी को फरार होने में मदद करने वाले व्यक्ति पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भी वैधानिक धाराओं में कार्रवाई की गई है। बता दें कि बोरो क्षेत्र के संगरा में नदी किनारे डंप किये गये कोयले को अवैध परिवहन कर रहे एक ट्रेक्टर को धरमजयगढ़ पुलिस ने जब्त किया है! बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है जबकि मामले में प्रयुक्त ट्रैक्टर को जब्त कर धरमजयगढ़ थाना परिसर में रखा गया है। हालांकि अब तक वाहन स्वामी की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है, जिससे इस अवैध गतिविधि के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

कोयला तस्करी पर समय-समय पर कार्रवाई के बावजूद तस्करों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे। यदि संगठित तरीके से इस प्रकार की गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं, तो व्यापक और सतत अभियान की आवश्यकता है।

उधर पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा संलिप्त सभी व्यक्तियों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में लगातार जारी कोयला तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निगरानी और कड़ी कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।

Subscribe to my channel