धरमजयगढ़ के अमापाली स्थित उचित मूल्य दुकान में तौल पर सवाल, वितरण व्यवस्था भी घेरे में
1 min read
धरमजयगढ़ क्षेत्र के अमापाली स्थित उचित मूल्य की दुकान को लेकर ग्रामीणों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। हितग्राहियों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि राशन वितरण के दौरान तौल में गड़बड़ी की जा रही है। आरोप है कि प्रति किलोग्राम लगभग 50 ग्राम तक कम तौल किया जा रहा है। इस आधार पर 35 किलो चावल में करीब डेढ़ किलो तक की कमी आ रही है। गरीब परिवारों के लिए यह कमी मामूली नहीं, बल्कि महीने भर की रसोई पर सीधा असर डालने वाली है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तौल पर सवाल उठाए जाते हैं तो संतोषजनक जवाब नहीं मिलता। कई हितग्राहियों को संदेह है कि यदि हर कार्डधारी के साथ यही स्थिति है, तो महीनों में बड़ी मात्रा में अनाज की हेराफेरी संभव है।

सिर्फ तौल ही नहीं, वितरण व्यवस्था पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि राशन लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन दुकान संचालक अपने परिचित लोगों को प्राथमिकता देकर पहले राशन दे देता है। इससे बुजुर्ग, महिलाएँ और मजदूरी छोड़कर आए ग्रामीण लंबे इंतज़ार को मजबूर हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल जांच कर तौल मशीन की सत्यता की पुष्टि करे, वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए और दोष पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली पर लोगों का भरोसा बना रह सके।
Subscribe to my channel