February 16, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

पाइपलाइन विस्तार बना रहस्य !गर्मी दस्तक दे रही, नगर पंचायत में पानी के लिये मचा हाहाकार !

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़ – नगर पंचायत क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक पाइपलाइन विस्तार के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की लागत वाली योजना पूर्ण होने के बावजूद उसका कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा है। नगर पंचायत द्वारा जारी निविदा के अनुसार इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार किया जाना था, ताकि नागरिकों को नियमित और सुचारु पेयजल आपूर्ति मिल सके।
लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि कई वार्डों में न तो नई पाइपलाइन बिछती दिखाई दे रही है और न ही खुदाई अथवा निर्माण का कोई स्पष्ट चिन्ह नजर आता है। ऐसे में करोड़ों रुपये की योजना केवल कागजों तक सीमित रहने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
गर्मी का मौसम दस्तक देने जा रहा है और जलस्तर में गिरावट के साथ नगर पंचायत क्षेत्र में पानी की किल्लत की चिंता बढ़ने लगी है। कई मोहल्लों में नागरिकों को सीमित समय के लिए ही पानी मिल रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में टैंकर की मांग भी उठने लगी है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब योजना की लागत करोड़ों रूपये है और कार्य की समय-सीमा भी निर्धारित की गई थी, तो फिर अब तक उसका लाभ जनता को क्यों नहीं मिल रहा। लोगों का सवाल है कि यदि कार्य पूर्ण हो चुका है तो उसकी प्रगति, भुगतान और गुणवत्ता की जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही।
नगर में यह चर्चा भी तेज है कि कहीं यह योजना केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित तो नहीं रह गई। यदि ऐसा है तो यह न केवल प्रशासनिक लापरवाही बल्कि जनहित की अनदेखी भी मानी जाएगी। गर्मी से पहले ही नगर पंचायत में पानी को लेकर हाहाकार की स्थिति बनती दिखाई दे रही है, लेकिन करोड़ों की इस योजना का वास्तविक लाभ नगरवासियों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
अब आवश्यकता है कि संबंधित अधिकारी स्थिति स्पष्ट करें, कार्य की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करें और यदि कहीं अनियमितता है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि नगरवासियों को समय पर पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp