पामगढ़ में किसानों का आक्रोश फूटा: कांग्रेस के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय घेराव, विधायक शेषराज हरबंश सहित कई घंटे धरने पर बैठे
1 min read
संवाददाता: जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा।
उद्घोष समय न्यूज़, 29 जनवरी 2026।
जांजगीर-चांपा/पामगढ़ : जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में धान खरीदी की अव्यवस्था और टोकन जारी न होने से नाराज किसानों का गुस्सा आज सड़कों पर उतर आया। कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में किसानों ने एसडीएम कार्यालय का घेराव किया और विधायक शेषराज हरबंश के साथ कई घंटों तक धरना दिया।

किसानों का आरोप है कि उनके सभी दस्तावेज, पंजीयन और रिकॉर्ड पूर्ण रूप से सही होने के बावजूद धान बिक्री के लिए दूसरा टोकन जारी नहीं किया जा रहा है। इससे किसान गंभीर आर्थिक संकट और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। धान खरीदी की पूरी व्यवस्था को अव्यवस्थित बताते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा, जिससे किसानों की फसल सड़ने की कगार पर पहुंच गई है।
घेराव के दौरान एसडीएम कार्यालय के गेट पर विधायक शेषराज हरबंश, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नवल सिंह ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य सहित बड़ी संख्या में किसान संगठनों के प्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। एसडीएम मौके पर उपस्थित नहीं थे, जिससे नाराजगी और भड़क गई और प्रदर्शनकारियों ने “पामगढ़ एसडीएम मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
स्थिति को देखते हुए तहसीलदार महेंद्र लहरे मौके पर पहुंचे और विधायक व किसानों से बातचीत की। किसानों की शिकायतों का ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन दिए गए—कोई ठोस समाधान या समयसीमा नहीं बताई गई।
विधायक शेषराज हरबंश ने कहा कि विष्णु देव साय सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। रकबा कटौती, पंजीयन में देरी और टोकन व्यवस्था की खामी से किसान परेशान हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द टोकन जारी नहीं किए गए और धान खरीदी की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ में चल रही धान खरीदी (खरीफ 2025-26) की व्यापक समस्याओं का हिस्सा है, जहां कई जगहों पर टोकन, रकबा और पंजीयन से जुड़ी शिकायतें सामने आ रही हैं।
Subscribe to my channel