धरमजयगढ़ स्थित एसबीआई शाखा के सामने लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति के कारण बैंक आने वाले ग्राहकों, राहगीरों तथा स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी के जमाव से दुर्घटनाओं और संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
बताया गया कि बैंक का मुख्य द्वार प्रायः बंद रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को विशेष कठिनाई होती है, जिससे उनके दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एसबीआई शाखा प्रबंधक, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया और त्वरित समाधान की मांग की।
मामले पर संबंधित अधिकारियों ने शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है। अब यह देखना होगा कि यह आश्वासन व्यवहारिक रूप से अमल में आता है या समस्या यथावत बनी रहती है।