महाकुंभ में न जाएं, कृपया वापस लौट जाएं… कटनी से प्रयागराज तक 300 किमी लंबा जाम, पुलिस की खास अपील
1 min read
Udghosh samay
Mahakumbh News: मध्य प्रदेश के रास्ते लाखों श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ में संगम में डुबकी लगाने के लिए जा रहे हैं। कटनी से प्रयागराज तक 300 किमी तक लंबा जाम लगा हुआ है। पुलिस अब लोगों से खास अपील कर रही है। पुलिस का कहना है कि वापस लौट जाएं। किसी और दिन स्नान करने के लिए जाएं।
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के आखिरी अमृत स्नान ( शाही स्नान) में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं का रेला बढ़ता ही जा रहा है। संगम में डुबकी लगाने के निकले भक्तों ने पुलिस की टेंशन बढ़ा दी है। सड़क पर वाहन बढ़ते ही प्रयागराज से 300 किमी पहले कटनी-मैहर पर लंबा जाम लगा हुआ है। पुलिस अधिकारी लोगों से लौटने के साथ किसी और आम दिनों में वापस आने की गुजारिश कर रहे हैं। हाईवे पर एसपी ने लौटने की अपील कर रहे हैं।
रीवा: प्रयागराज महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जबलपुर, कटनी, रीवा होते हुए प्रयागराज जाने वाला मुख्य मार्ग पर पिछल कई घंटों से लंबा जाम लगा हुआ है। कटनी पुलिस ने हाथ जोड़कर लोगों से वापस लौट जाने की अपील तक कर दी है। इस जाम का मुख्य कारण महाकुंभ में शामिल होने के लिए लाखों श्रद्धालुओं का एक साथ सड़कों पर उतर आना है। टोल बैरियर पर मनमानी वसूली भी इस समस्या को और बढ़ा रही है। दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का प्रयोग करते हैं, जिससे यातायात का दबाव और बढ़ गया है। प्रशासन की अपर्याप्त तैयारी भी सामने आ गई है।
दरअसल, प्रयागराज महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने के लिए लाखों श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। इसके चलते जबलपुर, कटनी और रीवा से होते हुए प्रयागराज जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम हो गया है। यह जाम लगभग 10 से 15 किमी तक लंबा है। रविवार को हालात और भी बिगड़ गए। वाहनों की लंबी कतारें दूर-दूर तक देखी जा सकती हैं। कटनी में तो स्थिति इतनी खराब हो गई कि पुलिस को लोगों से वापस लौट जाने की अपील करनी पड़ी।
लाखों की संख्या में सड़कों पर उतरे वाहन
यह जाम रीवा में भी देखने को मिल रहा है। रीवा-प्रयागराज मार्ग, जो दक्षिण भारत को प्रयागराज से जोड़ता है, पर यात्री काफी परेशान हैं। वे अपनी परेशानी व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं। प्रशासन के तमाम इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। लाखों की संख्या में वाहनों के सड़कों पर उतर आने से ट्रैफिक पर काबू पाना मुश्किल हो गया है। महाकुंभ के चंद दिन शेष रहने के कारण हर कोई संगम में डुबकी लगाना चाहता है।
टोल बैरियर पर भी हो रही मानमानी वसूली
टोल बैरियर पर भी मनमानी वसूली हो रही है। तीर्थयात्रियों को परेशान किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज के आसपास के टोल बैरियर मुफ्त कर दिए हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में ऐसा नहीं किया गया। इससे यात्री काफी परेशान हैं और सरकार से टोल बैरियर पर ध्यान देने की मांग कर रहे हैं। सतना के बगहा बाईपास में भी भारी जाम लगा हुआ है। प्रयागराज महाकुंभ के कारण मझगवां के मानिकपुर रोड से सिर्फ मेला में जाने वाले वाहनों को ही जाने दिया जा रहा है। ट्रकों को रोका जा रहा है। चित्रकूट की ओर जाने वाले ट्रकों की एंट्री बंद कर दी गई है।
केवल गाड़ियों का काफिला नजर आ रहा
दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालु, चाहे वे केरल, तेलंगाना या महाराष्ट्र से हों, उन्हें प्रयागराज जाने के लिए रीवा-इलाहाबाद मार्ग से ही गुजरना पड़ता है। यह मार्ग हैदराबाद, नागपुर, सिवनी, जबलपुर, कटनी, मैहर, रीवा होकर चाकघाट पहुंचकर प्रयागराज जाता है। इस मार्ग पर केवल गाड़ियों का ही काफिला नजर आ रहा है। हर कोई पहले पहुंचना चाहता है, जिससे जगह-जगह जाम लग रहा है। गाड़ियों को रोककर ट्रैफिक को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।