*विश्व पर्यावरण दिवस पर परमेश्वर सिंह मेमोरियल पी.जी. कॉलेज में वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
1 min read
5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर परमेश्वर सिंह मेमोरियल पी.जी. कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्लास्टिक से होने वाले नुकसान और उसके बचाव के प्रति जागरूकता भी फैलाई गई।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज जब पृथ्वी प्राकृतिक संसाधनों की कमी (जैसे अंधाधुंध वनों की कटाई, विलुप्त होती वन्य प्रजातियाँ, भूमि की घटती उर्वरता), प्रदूषण (जल, वायु, मिट्टी प्रदूषण, औद्योगिक कचरा, रासायनिक अपशिष्ट, प्लास्टिक प्रदूषण) जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, तब भारतीय शास्त्रों की हजारों वर्ष पुरानी पर्यावरण हितकारी शिक्षाएं और परंपराएं अत्यंत प्रासंगिक हो गई हैं।
एनसीसी के प्रशिक्षक श्री संजय शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि वेदों, उपनिषदों और पुराणों में प्रकृति को माता के रूप में पूजने की परंपरा रही है। भूमि को ‘माता’, नदियों को ‘देवियाँ’ और वृक्षों को ‘जीवनदायिनी’ माना गया है। हमारी संस्कृति में जल, वायु, भूमि, अग्नि आदि पंचतत्वों को जीवन का आधार माना गया है। उन्होंने अथर्ववेद का उल्लेख करते हुए कहा— “यह पृथ्वी मेरी माता है और मैं उसका पुत्र हूँ।”
हिंदी विभाग के प्रवक्ता श्री अभिमन्यु शर्मा ने बताया कि वैदिक काल से ही वृक्षों को जीवन की आधारशिला माना गया है। वृक्ष मानव जीवन के लिए भोजन और ऑक्सीजन का स्रोत हैं। वृक्षारोपण केवल पर्यावरणीय संतुलन नहीं, बल्कि एक धार्मिक, आध्यात्मिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वैदिक साहित्य में वृक्षों को देवतुल्य स्थान प्राप्त है।
कार्यालय अधीक्षक श्री घनश्याम सिंह ने मत्स्य पुराण का उल्लेख करते हुए बताया कि अध्याय 154 में देवी पार्वती द्वारा जलविहीन स्थानों में कुएँ, बावड़ियाँ और सरोवर बनवाने की प्रेरणा दी गई है। इसमें जल-स्रोतों और वृक्षों की महत्ता को भावपूर्ण और व्यावहारिक ढंग से समझाया गया है।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने प्लास्टिक प्रदूषण को सबसे गंभीर चुनौती बताया और इसके रोकथाम के लिए समाज को जागरूक होने का आह्वान किया। उन्होंने सभी से पर्यावरण रक्षा की शपथ लेने का अनुरोध किया।
इस कार्यक्रम में एनसीसी के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
उपस्थित गणों में केपी सिंह (विज्ञान विभाग), मुरलीधर जायसवाल (बीएड विभाग), कृष्ण कुमार (वाणिज्य विभाग), रीता, पूजा, अनामिका त्रिपाठी (कला विभाग), रंजन यादव, दुर्गेश सिंह (अंग्रेजी विभाग), राणा सिंह, शशांक पाल (कार्यालय) सहित कई गणमान्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल वृक्षारोपण, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की वैदिक चेतना को जागृत करना और आधुनिक समाज को इसके प्रति उत्तरदायी बनाना रहा।
जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट




*समाचार एवं विज्ञापन के लिए हमें सम्पर्क करें*
उदघोष समय न्यूज की ख़बर पढ़ने व देखने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़े 👇
https://chat.whatsapp.com/KI78G61Alrg6JTMrZqcSSd
About The Author
















