July 14, 2025

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

*हर घर को डिजिटल पता, अपना पोर्टल और ऑन-डिमांड एप की शुरुआत जल्द*

1 min read
Spread the love

**उद्घोष समय न्यूज इंदौर**

                       *इंदौर नगर निगम की डिजिटल क्रांति की ओर कदम*

इंदौर।महापौर पुष्यमित्र भार्गव द्वारा मंगलवार को सिटी बस कार्यालय सभागार में नगर पालिक निगम की आगामी डिजिटल योजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमआईसी सदस्य राजेश उदावत निगमायुक्त शिवम वर्मा, अपर आयुक्त अभिलाषा मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों के साथ डिजिटल सेवाओं से जुड़ी कंपनियों के प्रेजेंटेशन देखे गए।

*हर घर को मिलेगा डिजिटल पता*

*महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया* कि इंदौर नगर निगम ने “हर घर डिजिटल पता” योजना के अंतर्गत प्रत्येक मकान को एक विशिष्ट डिजिटल पहचान देने का कार्य शुरू कर दिया है। इस पते से नागरिकों को संपत्ति कर, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, कचरा संग्रहण, शिकायत निवारण जैसी सेवाएँ एक ही पोर्टल पर मिलेंगी।

इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट वार्ड 82 में शुरू किया गया है, जिसे मॉडल वार्ड के रूप में विकसित किया जा रहा है। महापौर ने प्रेजेंटेशन के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना को शीघ्र पूर्ण कर शहरभर में लागू किया जाए।

*इंदौर को जल्दी मिलेगा अपना नागरिक पोर्टल*

इंदौर नगर निगम जल्द ही अपना एकीकृत नागरिक पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है, जिससे नागरिक घर बैठे कई प्रकार की सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इस पोर्टल के लिए संबंधित कंपनी द्वारा प्रस्तुति दी गई और महापौर व अधिकारियों ने इसकी समीक्षा की।

*तीन चरणों में सेवाओं का संचालन प्रस्तावित है:*

1. *पहला चरण (3 महीने):* प्रॉपर्टी टैक्स ऑनलाइन होगा।


2. *दूसरा चरण (अगले 3 महीने):* जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र की सुविधा जोड़ी जाएगी।


3. *तीसरा चरण (फिर अगले 3 महीने):* नागरिक शिकायत निवारण प्रणाली चालू की जाएगी।

*ऑन-डिमांड कचरा संग्रहण एप भी जल्द होगा शुरू*

नगर निगम द्वारा स्मार्ट सिटी की दिशा में एक और कदम उठाते हुए *”ऑन डिमांड वेस्ट कलेक्शन एप”* लॉन्च किया जाएगा। इस एप के माध्यम से नागरिक आवश्यकता अनुसार कचरा कलेक्शन सेवा बुक कर सकेंगे।

इस योजना का पहला प्रेजेंटेशन भी मंगलवार को महापौर की उपस्थिति में प्रस्तुत किया गया, जिसमें इसे जल्द लागू करने के निर्देश दिए गए।

*डिजिटल इंदौर की दिशा में मजबूत कदम*

*महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा* कि ये सभी योजनाएँ डिजिटल इंडिया की सोच को साकार करती हैं। इनसे नागरिकों को पारदर्शी, सुलभ और स्मार्ट सेवाएँ मिलेंगी, जिससे इंदौर एक बार फिर स्मार्ट सिटी के रूप में देश में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

इंदौर से जितेन्द्र सालवी की खास रिपोर्ट

About The Author

आज की ताजा खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp