मतदाता जागरूकता अभियान: जिले के शिक्षण संस्थानों में निबंध लेखन, मानव श्रृंखला व मतदाता शपथ के जरिए दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश !
1 min read

राजकीय महाविद्यालय कामां, राउमावि पैंघोर, पीएम श्री स्कूल बहज एवं लवेश स्कूल बृजनगर में आयोजित हुईं विविध स्वीप गतिविधियां*डीग, 24 अगस्त। आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत डीग जिले में सघन मतदाता जागरूकता (स्वीप) अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों एवं विद्यालयों में भावी व युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने तथा नैतिक मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निबंध लेखन प्रतियोगिता, मानव श्रृंखला निर्माण एवं मतदाता शपथ वाचन जैसी विविध गतिविधियां आयोजित की गईं।अभियान के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय कामां तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पैंघोर में लोकतंत्र के सशक्तिकरण एवं मताधिकार के महत्व विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके उपरांत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हाथों में हाथ जोड़कर एक मानव श्रृंखला बनाई और आमजन को आगामी चुनावों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। वहीं, पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बहज तथा लवेश स्कूल बृजनगर में जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों व कार्मिकों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं निर्भीक मतदान की सामूहिक शपथ दिलाई गई।कार्यक्रमों के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक मतदाताओं में निहित है। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करें, बल्कि अपने परिवार, पड़ोस और समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी भय, पक्षपात या प्रलोभन के अपने संवैधानिक मताधिकार का प्रयोग करने हेतु प्रेरित करें।




Subscribe to my channel