मिहिर कुमार पांडेय को मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की उपाधि।
1 min read
सतना। ए.के.एस. विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय अंतर्गत यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग में मिहिर कुमार पांडेय को डॉ. श्रीहर पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में यांत्रिक अभियांत्रिकी विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है।

मिहिर कुमार पांडेय का शोध विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करते हुए त्रि-उत्पादन प्रणाली के कार्य-निष्पादन का विश्लेषण” रहा। इस शोध में त्रि-उत्पादन प्रणाली की कार्यप्रणाली एवं कार्य-निष्पादन का विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन प्रस्तुत किया गया है। त्रि-उत्पादन प्रणाली एक उन्नत ऊर्जा व्यवस्था है, जो एक साथ विद्युत, ऊष्मा (तापन) तथा शीतलन का उत्पादन करती है। इसमें सामान्यतः गैस टरबाइन अथवा इंजन जैसे प्राथमिक ऊर्जा स्रोत से विद्युत ऊर्जा उत्पन्न की जाती है तथा उत्पन्न अपशिष्ट ऊष्मा का उपयोग स्थान तापन, जल तापन तथा वायु शीतलीकरण एवं औद्योगिक शीतलन में किया जाता है।
यह प्रणाली पारंपरिक पृथक ऊर्जा प्रणालियों की तुलना में अधिक ऊर्जा दक्ष, कम उत्सर्जन वाली तथा दीर्घकाल में किफायती सिद्ध होती है। शोध में विशेष रूप से सौर आधारित गैस टरबाइन त्रि-उत्पादन चक्र तथा सौर आधारित अंतर-शीतित एवं पुनःतप्त गैस टरबाइन त्रि-उत्पादन चक्र का तुलनात्मक कार्य-निष्पादन विश्लेषण किया गया। इसमें पाया गया कि अंतर-शीतन एवं पुनःतापन जैसी उन्नत तापगतिकीय तकनीकों के कारण द्वितीय प्रणाली अधिक दक्ष एवं प्रभावी है, जबकि प्रथम प्रणाली अपेक्षाकृत सरल एवं किफायती है।अध्ययन के दौरान दाब अनुपात, टरबाइन प्रवेश तापमान, वायु-ईंधन अनुपात तथा वायु के द्रव्यमान प्रवाह दर जैसे महत्वपूर्ण नियंत्रक मानकों का चयन कर बॉक्स–बेहन्केन प्रायोगिक अभिकल्प विधि के माध्यम से परीक्षण किए गए। परिणामों से स्पष्ट हुआ कि तापीय दक्षता पर दाब अनुपात का सर्वाधिक प्रभाव पड़ता है, जबकि शक्ति उत्पादन पर वायु द्रव्यमान प्रवाह दर का प्रमुख प्रभाव होता है। समग्र रूप से अंतर-शीतित एवं पुनःतप्त प्रणाली ने बेहतर कार्य-निष्पादन प्रदर्शित किया।यह शोध सतत एवं हरित ऊर्जा प्रणालियों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान करता है तथा भविष्य में वाणिज्यिक भवनों, औद्योगिक प्रक्रियाओं एवं क्षेत्रीय ऊर्जा प्रणालियों में इसके व्यापक उपयोग की संभावनाएँ दर्शाता है।इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने शुभकामनाएं दी है।
Subscribe to my channel