धरमजयगढ़ क्षेत्र की जनता की अटूट आस्था का केंद्र माँ भगवती अम्बेटिकरा मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्र पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य और आकर्षक रूप देने के लिए मंदिर समिति के सदस्य पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
नवरात्रि के दौरान माँ भगवती के दरबार को विशेष रूप से सजाया जाएगा। इस बार माँ का श्रृंगार बेहद आकर्षक और दर्शनीय होगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा। मंदिर परिसर को सजाने-संवारने के साथ ही भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले आनंद मेले को सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए भी विशेष तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा स्थापित किए जाने वाले मनोकामना ज्योति कलश के लिए भी उचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंदिर समिति के सदस्य रमेश चैनानी ने बताया कि नवरात्रि आयोजन को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और जल्द ही संपूर्ण व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएंगी।
नवरात्र पर्व के आगमन के साथ ही क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण बनने लगा है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में माँ भगवती के दरबार में पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना करेंगे।