संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा। उदघोष समय न्यूज़, 02 मार्च 2026।
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में होली पर्व की तैयारियों के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की गई है। पामगढ़ पुलिस, राजस्व विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने दर्जनों दुकानों पर छापेमारी की और लगभग 150 डरावने बनावटी मुखौटे जब्त किए।
यह संयुक्त अभियान पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के निर्देश पर चलाया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दुकानदार डरावने मुखौटों की बिक्री कर रहे थे, जिनका दुरुपयोग होली के दौरान लोगों को डराने-धमकाने या शांति भंग करने के लिए किया जा सकता था।
टीम ने मुखबिर की सूचना पर कई दुकानों की तलाशी ली। जब्त किए गए मुखौटों को कब्जे में लेकर दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी कोई सामग्री बेचने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई में तहसीलदार अमरनाथ श्याम, थाना निरीक्षक सावन सारथी और थाना स्टाफ की प्रमुख भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे होली का त्योहार शांति और सद्भाव के साथ मनाएं।