‘ धरमजयगढ़ – नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 08 स्थित सीएमपीडीआई कॉलोनी, जिसे स्थानीय स्तर पर ‘ग्रीन सिटी’ कहा जाता है, में पेयजल संकट गहराने लगा है। यहां स्थित बोरवेल से लाल रंग का दूषित पानी निकलने की शिकायत सामने आई है, जिससे स्थानीय निवासियों को पीने के पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। मामले को गंभीरता से उठाते हुए वार्ड पार्षद जानू सिदार ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी बी.एल. साहू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया है कि बोर से निकलने वाला पानी पीने योग्य नहीं है और इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पार्षद ने मांग की है कि ‘ग्रीन सिटी’ क्षेत्र में तत्काल स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि गर्मी के मौसम में स्थिति और न बिगड़े। साथ ही उन्होंने बोर पंप की खरीदी कर स्टॉक में रखने का प्रस्ताव भी रखा, ताकि तकनीकी खराबी की स्थिति में त्वरित समाधान संभव हो सके। पार्षद ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।