February 11, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

विद्यार्थियों के लिए टीआरएन एनर्जी आयोजित करेगा अभिनंदन समारोह – वायुनन्दन पांडे

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़ – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटाईपाली (सी) में आयोजित विदाई समारोह भावनात्मक और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित टीआरएन एनर्जी भेंगारी के विभागाध्यक्ष (सुरक्षा एवं प्रशासन) श्री वायुनन्दन पांडे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की।


उन्होंने कहा कि विद्यार्थी यह न समझें कि आज विद्यालय से उनका संबंध समाप्त हो रहा है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के पश्चात टीआरएन एनर्जी द्वारा इसी विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए अभिनंदन समारोह एवं भोज का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों के भविष्य की योजनाओं, उनकी क्षमताओं और उपलब्ध संसाधनों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी, ताकि उन्हें आगे की दिशा तय करने में मार्गदर्शन मिल सके।


श्री पांडे ने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, लेकिन अपने संस्कारों और शिक्षकों के प्रति सम्मान को कभी न भूलने की सीख दी। उनके प्रेरक उद्बोधन ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें ऐसा आत्मीय अनुभव कराया मानो उन्हें एक नया मार्गदर्शक मिल गया हो।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती नीलिमा तंबोली ने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएँ देते हुए लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की प्रेरणा दी। वहीं शिक्षक श्री राजीव गुप्ता ने शिक्षा और संस्कार के महत्व को रोचक उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को ही अपनी ताकत में बदलने का संदेश दिया।


कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए गए पलों को याद करते हुए शिक्षा और संस्कार को अद्भुत बताया तथा शिक्षकों के स्नेह और अपनत्व को अविस्मरणीय बताया। कार्यक्रम के दौरान भावुक और आत्मीय माहौल देखने को मिला।
समारोह में विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थीगण पूर्ण सहभागिता के साथ उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp