इंटरनेट सुरक्षित दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का हुआ आयोजन साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर करा सकते हैं शिकायत दर्ज – कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे
1 min read
संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा। उदघोष समय न्यूज़, 10 फरवरी 2026।
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय की उपस्थिति में इंटरनेट सुरक्षित दिवस के अवसर पर आज कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कार्यों में डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना है।

कलेक्टर श्री महोबे ने सुरक्षित डिजिटल कार्य को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यों में उपयोग किए जाने वाले डिजिटल संसाधनों की सुरक्षा प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को साइबर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए एवं साइबर अपराधों की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रकाश डालते हुए आम नागरिकों एवं शासकीय कर्मचारियों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

कार्यशाला में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री सुनील कुमार साहू ने इंटरनेट सुरक्षित दिवस के महत्व, बढ़ते साइबर अपराधों तथा उनसे बचाव के उपायों पर पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल युग में कार्यों में ऑनलाइन सेवाओं के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है। प्रस्तुतीकरण में मजबूत पासवर्ड, दो-स्तरीय प्रमाणीकरण, संदिग्ध ईमेल-लिंक से बचाव, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा तथा अनधिकृत सॉफ्टवेयर के उपयोग से बचने जैसे साइबर हाइजीन के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई। साथ ही फिशिंग, फर्जी कॉल व मैसेज जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तंबोली, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to my channel