गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर संगठनों ने सौंपा ज्ञापन !
1 min read


धरमजयगढ़ – दिनांक 24 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर छात्र-छात्राओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर युवा जन सेवा संगठन एवं छात्र एकता धरमजयगढ़ के प्रतिनिधियों द्वारा थाना प्रभारी धरमजयगढ़ एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमजयगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में छात्र-छात्राओं हेतु उचित बैठक व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा प्रभात फेरी के दौरान भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।

ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान प्रभात फेरी एवं रैली के समय भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि छात्र-छात्राएं मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दें। इसके अतिरिक्त बच्चों के बैठने के लिए मेट एवं टेंट की समुचित व्यवस्था तथा स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके पश्चात युवा जन सेवा संगठन एवं छात्र एकता के सदस्यों द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व धरमजयगढ़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धरमजयगढ़, तहसीलदार धरमजयगढ़,विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमजयगढ़ तथा प्राचार्य पीएम श्री सेजेस धरमजयगढ़ से औपचारिक भेंट कर इस सम्बन्ध में आवश्यक चर्चा की गई जिस पर सम्बंधित अधिकारियों ने गंभीरतापूर्वक विचार कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया, इसके बाद अधिकारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धरमजयगढ़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत धरमजयगढ़, तहसीलदार धरमजयगढ़, विकासखंड शिक्षा अधिकारी धरमजयगढ़ तथा पीएम श्री सेजेस के प्राचार्य उपस्थित रहे।

संगठनों द्वारा अपेक्षा व्यक्त की गई कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर एवं सुचारु रूप से पूर्ण की जाएंगी, जिससे गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
Subscribe to my channel