Recent Posts

March 3, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

धान खरीदी अव्यवस्थाओं पर कांग्रेस का धरना, समाधान की पहल या राजनीतिक प्रदर्शन ?

1 min read
Spread the love

धरमजयगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं और किसानों को हो रही परेशानियों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरमजयगढ़ द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी धरमजयगढ़ को मुख्यमंत्री के नाम किसानों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। 

इस कार्यक्रम के दौरान धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया के पिता, पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय चनेश राम राठिया के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। वक्ताओं ने उनके सिद्धांतों, सादगी, जनसेवा और किसान हितैषी सोच को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव आमजन और कृषकों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

धरना सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने धान खरीदी प्रक्रिया में हो रही अव्यवस्थाओं, देरी, तकनीकी खामियों और किसानों को हो रही कठिनाइयों पर गंभीर चिंता जताई। वक्ताओं ने इन परिस्थितियों के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि शासन की नीतियों और प्रशासनिक लापरवाही का सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है।

इस धरना प्रदर्शन में कांग्रेस धरमजयगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष रितुराज सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कापू अध्यक्ष गौरीशंकर राठिया, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष संतोष प्रधान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, बीडीसी सदस्य, सरपंच, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में धान खरीदी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने और किसानों को राहत देने की मांग की। साथ ही किसानों की समस्याओं का जल्द निवारण नहीं हुआ तो भविष्य में और भी व्यापक प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है !

हालांकि धरना और ज्ञापन के बाद अब यह प्रश्न भी उठने लगा है कि क्या कांग्रेस का यह एक दिवसीय धरना वास्तव में किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस परिणाम ला पाएगा, या फिर यह केवल एक राजनीतिक दबाव बनाने की कवायद बनकर रह जाएगा। किसानों और आमजन की नजरें अब प्रशासनिक कार्रवाई और सरकार की अगली पहल पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि इस आंदोलन का असर धरातल पर कितना दिखाई देता है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp