कोयला खनन विरोध को लेकर विवाद, भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष पर मीडिया के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
1 min read
धरमजयगढ़ – क्षेत्र में प्रस्तावित कोयला खनन परियोजना के विरोध को लेकर चल रहे जनआंदोलन के बीच एक नया विवाद सामने आया है। भाजपा धरमजयगढ़ मंडल के कोषाध्यक्ष किशोर राठिया पर सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय पत्रकारों के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियां करने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर पत्रकारों ने धरमजयगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अदाणी समूह की कंपनी द्वारा प्रस्तावित कोयला खदान के विरोध में 12 दिसंबर को पहुंचीगांव में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की खबर स्थानीय पत्रकारों द्वारा संकलित कर 13 दिसंबर को सोशल मीडिया पर साझा की गई। इसी खबर से नाराज होकर भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष द्वारा कथित रूप से पत्रकारों को निशाना बनाते हुए टिप्पणियां की गईं, जिन्हें पत्रकारों ने अपमानजनक बताया है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि टिप्पणियों में अपमाजनक भाषा का प्रयोग किया गया तथा बिना किसी तथ्य के आरोप लगाए गए। पत्रकारों का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणियां न केवल मीडिया की स्वतंत्रता पर प्रहार हैं, बल्कि ग्रामीणों की आवाज को दबाने का प्रयास भी हैं। आरोप यह भी लगाया गया है कि पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद संजय गुप्ता द्वारा भी इन टिप्पणियों का कथित रूप से समर्थन किया गया।
पत्रकारों ने थाने में दर्ज शिकायत में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि दबाव में कार्रवाई नहीं की जाती है तो उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम ने क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई बहस को जन्म दे दिया है।
उल्लेखनीय है कि धरमजयगढ़ क्षेत्र में कोयला खनन के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन लंबे समय से जारी है, जिसमें जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में राजनीतिक पदाधिकारियों द्वारा मीडिया पर की गई कथित टिप्पणियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाएगा।
Subscribe to my channel