सिवनी जिला शिक्षा विभाग में हड़कंप!सहायक शिक्षक सुरेश ठाकुर घोर वित्तीय अनियमितता में निलंबित — सरकारी सामान घर ले जाने का आरोप!
1 min read

सिवनी।
जिला शिक्षा विभाग में मंगलवार को तब हड़कंप मच गया जब श्री सुरेश कुमार ठाकुर, सहायक शिक्षक, शासकीय ई.पी.ई.एस. ढूटेरा, को गंभीर वित्तीय अनियमितताओं और कदाचार के आरोपों में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
मामला तब सामने आया जब प्राथमिक शाला झगरा की शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई कि श्री ठाकुर न केवल शाला के खर्चों में भारी गड़बड़ी कर रहे हैं बल्कि सरकारी सामग्री तक अपने घर ले जाते पाए गए हैं।
शिकायत के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी केवलारी तथा बीआरसीसी केवलारी की संयुक्त जाँच टीम को मामले की तहकीकात सौंपी गई। जाँच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए—
भंडार क्रय नियमों का पालन नहीं
खर्चों के अभिलेख अस्त-व्यस्त
रिकॉर्ड में कई विसंगतियाँ
स्पष्टीकरण में संतोषजनक उत्तर देने में विफल
रिपोर्ट हाथ में आते ही जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 25 नवंबर 2025 को आदेश जारी करते हुए कहा कि श्री ठाकुर प्रथम दृष्टया अनियमितताओं और स्वेच्छाचारिता के दोषी पाए गए हैं, इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सिवनी नियत किया गया है, जहाँ से उन्हें विभागीय कार्यवाही का सामना करना होगा। नियमों के अनुसार उन्हें केवल जीवन निर्वाह भत्ता ही दिया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है और अन्य स्कूलों के रिकॉर्ड की भी पड़ताल शुरू होने की चर्चाएँ तेज हैं।
उद्घोष समयन्यूज़
जिला ब्यूरो सिवनी
प्रभात ठाकुर
Subscribe to my channel